हफ्ते भर से स्वेज नहर में फंसा मालवाहक जहाज हटा, यहां जानें
स्वेज नहर (suez canal) में फंसे विशालकाय जहाज को निकालने में सफलता मिल चुकी है। इसके बाद दुनिया ने राहत की सांस ली है।

मिस्र की स्वेज नहर (suez canal) में जाम खुल गया है। स्वेज नहर में फंसा मालवाहक जहाज को निकालने में कामयाबी मिल चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह जहाज एक हफ्ते से स्वेज नहर में फंसा था। इस ‘एवर गिवेन’ जहाज को अब रास्ते से हटा दिया गया है।
आपको बता दें, इस जहाज के फंसने से करीब 367 जहाज जाम में फंस गए थे। इस जाम की वजह से विश्व भर के कारोबार पर असर पड़ रहा था।
ऐसे हटाया जा सका जाम
इस मालवाहक जहाज को हटाने के लिए टग बोट्स और ड्रेजर की मदद ली गई। गौरतलब है कि टग बोट छोटी लेकिन शक्तिशाली नावें होती हैं, जो बड़े जहाजों को खींच कर एक जगह से दूसरी जगह ले जा सकती हैं।
पिछले कुछ दिनों से नहर प्रशासन ड्रोजर मशीनों की सहायता से जहाज के नीचे की मिट्टी हटाने में लगा था। आखिरकार 29 मार्च, 2021 को उन्हें जहाज को सीधा करने में कामयाबी मिली। इसके बाद टग बोट्स की सहायता से मालवाहक जहाज को खींचकर वहां से हटाया जा सका।
तेज हवा के कारण घूम गया था जहाज
यह जहाज चीन से नीदरलैंड के पोर्ट रोटरडम जा रहा था। तेज और धूल भरी हवा की वजह से 23 मार्च, 2021 को यह जहाज नहर में ही फंस गया था। अधिकारियों के अनुसार, स्वेज नहर (suez canal) से गुजरते वक्त विजिबिलिटी बहुत ही कम थी। तेज हवा की वजह से जहाज की दिशा बदल गई और जहाज फंस गई।
गौरतलब है कि जहाज के फंसने से नहर में यातायात पूरी तरह बंद हो गया। इसकी वजह से वैश्विक बाज़ार में क्रूड ऑयल की कीमत 2 से 5 प्रतिशत तक बढ़ गई थी। फिलहाल जहाज को ग्रेट बिटर लेक ले जाया गया है, जहां जहाज की सुरक्षा जांच की जाएगी।
इसके अलावा, Knitter पर आपको कृषि एवं मशीनीकरण, एजुकेशन और करियर, सरकारी योजनाओं और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर भी कई महत्वपूर्ण ब्लॉग्स मिलेंगे, जिनको पढ़कर अपना ज्ञान बढ़ा सकते हैं और दूसरों को भी इन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
✍️ लेखक- दीपक गुप्ता